आजमगढ़ ।  सर्किट हाउस सभागार में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियांका मौर्या की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई, जिसमें कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।

सोमवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान कुल 16 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें घरेलू हिंसा, जमीनी विवाद सहित अन्य मामलों से संबंधित शिकायतें शामिल थीं। महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियांका मौर्या ने इनमें से 5 मामलों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कराया, जबकि शेष 11 मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई कर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने पीड़ित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि सशक्त, मजबूत, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनने की आवश्यकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आयोग पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना और वन स्टॉप सेंटर योजना के बारे में विस्तार से बताया।
इसके अलावा महिला आयोग की सदस्य ने ब्लॉक रानी की सराय स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की स्थिति सामान्य पाई गई और सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने थाना रानी की सराय का भी औचक निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाएं सामान्य पाई गईं।


जनसुनवाई कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर, उपजिलाधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी, बाल कल्याण समिति तथा वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारी मौजूद रहे।