आजमगढ़। जिले में पंचायत चुनाव की तैयारियों, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों को लेकर पुलिस ने गांव स्तर पर संवाद मजबूत किया। नगर कोतवाली क्षेत्र के कोलपाण्डेय गांव में आयोजित संयुक्त ग्राम चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को कानून-व्यवस्था, निष्पक्ष चुनाव और सुरक्षा से जुड़े अहम विषयों पर जागरूक किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में बुधवार को क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी द्वारा थाना कोतवाली (चौकी रोडवेज) क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोलपाण्डेय में संभ्रांत व्यक्तियों व ग्रामीणों के साथ संयुक्त ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया।
ग्राम चौपाल के दौरान मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों, साइबर अपराधों से बचाव के उपायों तथा आगामी ग्राम पंचायत चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त निर्वाचन की आवश्यकता पर जोर देते हुए ग्रामीणों से सहयोग की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को अफवाहों से दूर रहने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली यादवेन्द्र पाण्डेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।
