आजमगढ़। दवा व्यापारियों के हित और उनके ज्ञान व जागरूकता को बढ़ाने के उद्देश्य से केमिस्ट एंड ड्रगीस्ट एसोसिएशन द्वारा आयोजित विशेष अधिवेशन और शैक्षणिक कार्यशाला का आयोजन रोडवेज स्थित एक  होटल के सभागार में किया गया। इस कार्यक्रम में  पूर्वांचल के 20 जिलों के दवा विक्रेताओं ने भाग लिया और दवा क्षेत्र से जुड़े नवीनतम नियम, व्यापारिक अवसर और सुरक्षा मानकों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री आयुष, खाद्य एवं सुरक्षा औषधि प्रशासन दयाशंकर मिश्र दयालु, पूर्व भारतीय औषधि महानियंत्रक डॉ. जी. येन सिंह, ऑल इंडिया केमिस्ट ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष टी. आर. पंथारी, और केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष संदीप चतुर्वेदी एवं महामंत्री सुरेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

आयोजन में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत संगठन के जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार अग्रवाल और महामंत्री संदीप सर्राफ ने किया। मुख्य अतिथि दयाशंकर मिश्र दयालु ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार दवा व्यापारियों के हितों के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि दवा उद्योग में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है और इसी उद्देश्य से सरकार ने प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम शुरू किए हैं। उन्होंने दवा विक्रेताओं को सलाह दी कि वे केवल प्रमाणित और सुरक्षित दवाओं का वितरण करें, ताकि आम जनता को लाभ पहुंच सके। साथ ही उन्होंने जीएसटी दरों में कटौती का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे व्यापारियों की लागत कम होगी और दवा बाजार में स्थिरता आएगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदीप कुमार अग्रवाल ने की, जबकि मंच संचालन संदीप सर्राफ ने किया। इस अवसर पर कमल गुप्ता, शिव प्रसाद राय, रुपेश अग्रवाल, विवेकानंद, त्रिलोकीनाथ जलान, प्रदीप नागेंद्र, प्रताप सिंह, मोहम्मद फहीम, हरि शर्मा, अंकुर वर्मा, विजय सिंह, अजय जायसवाल, रवि सिंह, समीर राव, मयंक गुप्ता, मोहम्मद शहाबुद्दीन, अंकित अग्रवाल, प्रवीन गुप्ता, गोविंद दुबे सहित अन्य सभी दवा व्यापारी उपस्थित थे। उन्होंने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी दिखाई और दवा व्यापार से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर सुझाव भी दिए।