आजमगढ़। पूर्वांचल के मालवीय के रूप में ख्यातिप्राप्त महान शिक्षाविद् प्रोफेसर बजरंग त्रिपाठी को उनके त्रयोदशी ब्रह्मभोज के अवसर पर उनके पैतृक गांव जहांगीरगंज में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर देशभर से शिक्षा, समाजसेवा, प्रशासन और राजनीति से जुड़े सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

श्रद्धांजलि देने पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने उन्हें “पूर्वांचल का मालवीय” बताते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व प्रेरणादायक था और शिक्षा जगत में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।

प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि प्रो. त्रिपाठी का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक शिक्षा पहुंचाना था। उनका जीवन दर्शन अत्यंत दूरदर्शी और समावेशी था। समाज ने एक ऐसे शिक्षाविद को खो दिया है जिसने अपना समूचा जीवन शिक्षा और सेवा को समर्पित कर दिया।

वक्ताओं ने अपने विचार साझा करते हुए बताया कि प्रो. त्रिपाठी ने न केवल शैक्षिक संस्थानों की स्थापना की, बल्कि समाज के वंचित तबकों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए उल्लेखनीय पहल की। उनका मानना था कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र की उन्नति का मूल आधार है। ‘हर बच्चा शिक्षित हो, सक्षम हो और समाज निर्माण में सहभागी बने’  इसी सोच के साथ उन्होंने अपनी शैक्षिक सोसाइटी की नींव रखी, जिसके माध्यम से उन्होंने अनेक विद्यालय, महाविद्यालय और उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित किए। लगभग 50 वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में सेवा देने के बाद आज उनकी सोच और परंपरा को उनकी संस्था आगे बढ़ा रही है।

शैक्षणिक सोसाइटी के चेयरमैन और प्रो. त्रिपाठी के छोटे भाई डॉ. कृष्ण मोहन त्रिपाठी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि संस्था प्रो. त्रिपाठी के अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी आगंतुकों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन और विचार संस्था के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।

इस श्रद्धांजलि सभा में प्रशासन, शिक्षा, राजनीति और वकालत जगत से कई प्रमुख हस्तियाँ उपस्थित रहीं। जिसमे  पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ रवि कुमार छवि, पूर्व पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ दिनेश चंद दुबे
वरिष्ठ अधिवक्ता सेंट्रल बार एसोसिएशन के आद्या प्रसाद सिंह, वरिष्ठ पत्रकार अशोक वर्मा, वेद नारायण मिश्रा, मनोज उपाध्याय, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, ज्ञानेंद्र चतुर्वेदी शिक्षाविद् राजेंद्र यादव, अयाज अहमद, शिव गोविंद सिंह, विजय बहादुर सिंह
राजनीतिक क्षेत्र से भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, प्रवीण कुमार सिंह, सुभासपा के प्रदेश महासचिव राजकुमार गुप्ता, अखिलेश मिश्रा उर्फ गुड्डू, दीवानी बार की पूर्व अध्यक्ष विजय बहादुर सिंह,जिला पंचायत अभियंता राकेश राय सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।