आजमगढ़। जिले में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी क्रम में प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना पंजीकरण चल रहे साईं हॉस्पिटल को सीज कर दिया।

जिलाधिकारी के आदेश एवं मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ/निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने महराजगंज ब्लॉक अंतर्गत भैरव बाबा मंदिर के निकट संचालित साईं हॉस्पिटल पर छापेमारी की।
मिली जानकारी के अनुसार जांच के दौरान पाया गया कि उक्त अस्पताल बिना किसी वैध पंजीकरण के संचालित किया जा रहा था। निरीक्षण के समय चिकित्सा मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाओं का अभाव मिला। न तो कोई पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया और न ही मानक अनुसार प्रशिक्षित चिकित्सक व जरूरी संसाधन उपलब्ध पाए गए।
गंभीर अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल प्रभाव से साईं हॉस्पिटल को सीज कर दिया तथा प्रकरण में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।


मुख्य चिकित्साधिकारी ने  कहा कि जनपद में आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना पंजीकरण एवं तय मानकों के विरुद्ध संचालित किसी भी निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।