आज़मगढ़। जिलाधिकारी के आदेश और मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर आज़मगढ़ में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड/सोनोग्राफी केंद्रों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। हरैया क्षेत्र में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दो केंद्रों को सीज कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, एडिशनल सीएमओ/नोडल अधिकारी पीसीपीएनडीटी के नेतृत्व में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने हरैया क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जनता अल्ट्रासाउंड सेंटर अपंजीकृत पाया गया, जहां मशीन तो मौजूद थी लेकिन न कोई मरीज मिला और न ही अधिकृत चिकित्सक। नियमों के उल्लंघन पर केंद्र को तत्काल सीज कर दिया गया।
वहीं शिवम सोनोग्राफी सेंटर भी बिना वैध पंजीकरण संचालित पाया गया। केंद्र के भीतर छोटी अल्ट्रासाउंड मशीन मिली, लेकिन छापेमारी के समय न मरीज मौजूद था और न ही कोई पंजीकृत डॉक्टर। अनियमितताओं के चलते इस केंद्र को भी सीज कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार हरैया, स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी, सहायक धीरेंद्र शुक्ला, फार्मासिस्ट समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने मौके पर उपकरणों की इन्वेंटरी तैयार कर फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी के माध्यम से पूरी प्रक्रिया दर्ज की। इसके बाद दोनों केंद्रों को लॉक कर सीज कर दिया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि बिना वैध पंजीकरण और पंजीकृत चिकित्सक के किसी भी अल्ट्रासाउंड/सोनोग्राफी केंद्र का संचालन प्रतिबंधित है। आगे भी ऐसे अवैध केंद्रों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
