
लखनऊ। प्रदेश के अधिकांश जिलों में ठंड और घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित है। बुधवार को न्यूनतम तापमान के लिहाज से इटावा और आगरा सबसे ठंडे रहे। यहां का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार और शुक्रवार को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण ठंड और घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार और रविवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। सुबह और शाम के समय छिछले से मध्यम कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। बुधवार को लखनऊ में दोपहर बाद धूप निकलने से ठंड में थोड़ी कमी महसूस हुई। अधिकतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, गुरुवार को लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में कोल्ड डे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। यहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
घने कोहरे और कोल्ड डे की चेतावनी
मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश के कुछ जिलों में अत्यधिक घना कोहरा और कोल्ड डे होने की चेतावनी जारी की है। गुरुवार और शुक्रवार को आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक घना कोहरा रहेगा। वहीं इन जिलों में आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदासनगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा और आसपास के क्षेत्रों में कोल्ड डे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।