आज़मगढ़ । जिले में होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के बाद आज़मगढ़ पुलिस ने पुलिस लाइन में धूमधाम के साथ रंगोत्सव मनाया। पुलिस लाइन परिसर में जमकर अबीर-गुलाल उड़ा और रंगों की बरसात के बीच एसएसपी संग पुलिसकर्मी होली के गीतों और ढोल नगाड़ों की थाप पर झूमते नजर आए।
इस अवसर पर पुलिस उप-महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ उत्सव में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारी व कर्मचारी रंग, अबीर और गुलाल में सराबोर होकर एक-दूसरे को होली की बधाई देते नजर आए। पूरे परिसर में भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
होली उत्सव के दौरान संगीत, लोकगीत और नृत्य का भी आकर्षक आयोजन किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वातावरण को उल्लासपूर्ण बना दिया।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने होली पर्व के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में लगे पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है, जो समाज में आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत करने का संदेश देता है।
अंत में सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।
