आजमगढ़। अतरौलिया नगर पंचायत इन दिनों धार्मिक आयोजनों को लेकर चर्चा में है। नगर स्थित पूरब के पोखरे पर हो रहे अतिक्रमण व बाउंड्रीवाल निर्माण से छठ पूजा, देव दीपावली, विजयदशमी, होलिका दहन व गाजी मियां के मेले जैसी परंपराएं प्रभावित होने की आशंका है। मंगलवार को सैकड़ों नगरवासी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

नगरवासियों ने आरोप लगाया कि दबंग व राजनीतिक प्रभावशाली व्यक्ति पैसे और सत्ता के बल पर पोखरे की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। यह वही स्थान है जहां सदियों से धार्मिक आयोजन और मेले लगते आ रहे हैं, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालु शामिल होते हैं। अतिक्रमण होने पर धार्मिक आयोजन असंभव हो जाएंगे और लोगों की भावनाएं आहत होंगी।

व्यापार मंडल अध्यक्ष टीटू विनायकर ने कहा कि हिंदू-मुस्लिम दोनों संप्रदाय वर्षों से यहां मेला लगाते आए हैं और अब परंपराएं खतरे में दिख रही हैं। जिलाधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए उप जिलाधिकारी बुढ़नपुर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर अध्यक्ष सुभाष चंद्र जायसवाल ने कहा कि धार्मिक आयोजन सुरक्षित रखने हेतु जमीन से अतिक्रमण हटाया जाना जरूरी है।

नगरवासी अभिमन्यु ने बताया कि राजनीतिक दबंगों ने रातों-रात दीवार खड़ी कर कब्जा कर लिया, जिससे दोनों समुदायों की भावनाएं आहत हुई हैं। मौके पर नगर अध्यक्ष सुभाष चंद्र जायसवाल, राजेश, सोनू, बबलू सोनी, जगमोहन, पिंटू, अमित जायसवाल, सागर सोनी, धीरज जायसवाल, मंटू, अनिल चौरसिया सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।