आज़मगढ़। जिले के हरैया विकास खंड में पंचायत सहायकों के लगातार इस्तीफों से प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। अब तक कुल छह पंचायत सहायकों ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है, हालांकि इनमें से एक पंचायत सहायक का इस्तीफा ग्राम प्रधान द्वारा स्वीकार नहीं किया गया है। वहीं एक पंचायत सहायक की सेवा समाप्त कर दी गई है।


जानकारी के अनुसार बनहरा ग्राम पंचायत की पंचायत सहायक कुमारी आसना, मानिकपुर ग्राम पंचायत के शुभम शुक्ला, रैचंद पट्टी गांव की कुमारी प्रीति सिंह, देवारा खास राजा गांव के अखंड प्रताप यादव, तथा रामपुर देवरा रामपुर पंचायत के आज़ाद पटेल ने सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) कार्यालय में अपना इस्तीफा जमा कराया है।
वहीं हसनपुर ग्राम पंचायत की पंचायत सहायक नेहा सिंह त्यागपत्र लेकर ब्लॉक मुख्यालय पहुंचीं, जहां से उन्हें ग्राम प्रधान के पास भेजा गया, लेकिन ग्राम प्रधान ने उनका इस्तीफा स्वीकार करने से इनकार कर दिया। नेहा सिंह ने अपने त्यागपत्र में आगे की पढ़ाई को कारण बताया है।


इस संबंध में एडीओ पंचायत चंद्र प्रकाश दुबे ने बताया कि सभी संबंधित अभिलेख कार्यालय में प्राप्त हो चुके हैं। पंचायत सहायकों द्वारा दिए गए त्यागपत्रों के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।