आज़मगढ़।  जिले की बेटी और समूहन कला संस्थान की युवा रंगकर्मी रिम्पी वर्मा ने देश के सर्वश्रेष्ठ रंग प्रशिक्षण संस्थान राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नई दिल्ली में 82.59 के सर्वोच्च अंक के साथ पूरे देश में प्रथम स्थान पाकर जनपद से चयनित होने वाली पहली रंगकर्मी के रूप में अपना स्थान दर्ज कर लिया है।

रिम्पी वर्मा जिला मुख्यालय से तीस किलोमीटर दूर ग्राम कौड़िया के एक साधारण कृषक परिवार के ठेठ ग्रामीण पृष्ठभूमि से आती हैं। वर्ष 2018 में कला के प्रति आकर्षण उन्हें जनपद के रंग संस्था समूहन कला संस्थान तक खींच लाया। जब वह संगीत में उच्च प्रशिक्षण के लिए संघर्ष कर रहीं थी।

शुरूआत के कुछ वर्ष समूहन में प्रशिक्षण, अभ्यास और देश के विभिन्न स्थानों पर नाट्य प्रदर्शन करते हुए बीते।

अपने परिश्रम और लगन से 2022 में रिम्पी को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में परफार्मिंग आर्ट्स में प्रवेश मिल गया। निरंतर अभ्यास, विभिन्न प्रस्तुतियों का देश के अनेक स्थानों पर मंचन और श्रमसाध्य कला साधना में संलग्न रहते हुए 2025 में उन्होंने यह सफलता अर्जित की है। उनकी इस सफलता पर नगर के एक होटल के प्रबंध निदेशक रविन कुमार वर्मा और समूहन कला संस्थान के निदेशक राजकुमार शाह ने उनका अभिनंदन किया।

रिम्पी कहती हैं कि कला के क्षेत्र में किसी लड़की का प्रैक्टिशनर और परर्फामर बनना आज भी आसान नहीं है। गांव-समाज की तरह तरह की बातों का दखल होने के बाद भी माता- पिता ने जो विश्वास बनाये रखा और आगे बढ़ने की छूट दी, उससे बाहरी वातावरण में खुद को ढाल कर काम करने का हौसला मिला।