रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में  सोमवार की देर शाम एक सड़क हादसे में दो युवको की जान चली गई। खुटौली गांव के पास हुए इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोंनो युवक टेंट हाउस लगाकर वापस लौट रहे थे।

मिली जानकारी के अनुसार फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के बिरादर गांव निवासी शशिकांत पुत्र रामचंद्र और उसका दोस्त प्रिंस पुत्र जगदीश टेंट हाउस लगाने का काम करते है। बताया जा रहा है कि एक ही बाइक से वह सोमवार की देर शाम करीब साढ़े सात बजे टेंट लगा कर दोनों जब वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी खुटौली गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान प्रिंस और शशिकांत की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के साथ विधिक कार्रवाई में जुट गई।