रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। सड़क सुरक्षा को लेकर आज़मगढ़ यातायात पुलिस ने मंगलवार को एक अनोखा और रचनात्मक जागरूकता अभियान चलाकर लोगों का ध्यान खींचा। सीट बेल्ट और हेलमेट पहनने वालों को चालान नहीं, बल्कि मिला सम्मान, वो भी सांता क्लॉज के हाथों।


मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आज़मगढ़ डॉ. अनिल कुमार के कुशल निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) विवेक कुमार त्रिपाठी एवं क्षेत्राधिकारी नगर/यातायात शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया।
इस विशेष पहल के तहत एफ.एम. चैनल हाफ लेमन रेडियो 90.4 की टीम के साथ यातायात पुलिस के जवान सांता क्लॉज का रूप धारण कर शहर के प्रमुख चौराहों व तिराहों पर वाहनों की चेकिंग करते नजर आए।

चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट और  दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने पर सांता क्लॉज ने फूल और चॉकलेट भेंट कर सम्मानित किया, जिससे लोगों के चेहरे पर मुस्कान और मन में नियमों के प्रति सम्मान साफ नजर आया।


इस अभिनव अभियान का मुख्य उद्देश्य यातायात नियमों के पालन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा। नियमों का पालन करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित किया गया, वहीं लापरवाह चालकों को सौम्य तरीके से नियमों के महत्व के बारे में समझाया गया।


इस अवसर पर निरीक्षक यातायात संजय कुमार पाल, उपनिरीक्षक यातायात गंगा प्रसाद सहित यातायात पुलिस का अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा।

यातायात पुलिस आज़मगढ़ ने आमजन से अपील की है कि सदैव यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।