रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। ग्रेटर नोएडा में आयोजित उत्तर प्रदेश प्रो वालीबॉल लीग के समापन के बाद आजमगढ़ जनपद के बम्होर गांव निवासी सईद आलम का प्रथम आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया। जैसे ही वे कैफियत एक्सप्रेस से आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे, पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी अब्दुल्ला शेख बम्हौरी और ग्राम प्रधान ने फूल मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
सईद आलम ने इस बार मथुरा योद्धा टीम की ओर से शानदार खेल दिखाया। टीम फाइनल तक पहुंची, जहां रोमांचक पांच सेट के मैच में मुजफ्फरनगर लायंस ने 3-2 से जीत दर्ज की। हार के बावजूद सईद आलम के खेल और जज्बे की सभी ने सराहना की। उन्होंने कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है, यह तो बस शुरुआत है। आगे और बेहतर प्रदर्शन कर गांव, जिला और अपने विद्यालय का नाम रोशन करूंगा।
स्वागत समारोह में उमड़े जनसमूह में लोगों ने उन्हें गांव का सितारा बताते हुए प्रेरणास्रोत करार दिया। पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी अब्दुल्ला शेख बम्हौरी ने कहा कि यह पूरे जनपद के लिए गर्व का क्षण है। सईद की उपलब्धि से युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा लेनी चाहिए। ग्राम प्रधान ने आश्वासन दिया कि आगे भी सईद को हर संभव सहयोग मिलेगा।
गांव और घर पर भी लगातार बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से अब्दुल्ला शेख बम्हौरी, अब्दुर्रहमान प्रधान, नोमान शेख, अबु तलहा शेख, मोहम्मद अली, अफसर बाबा, मिस्टर जोरर, सुरेंद्र यादव, मास्टर जावेद और सलमान आदि मौजूद रहे।
