आजमगढ़ ।  जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में तहसील मार्टीनगंज के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी ने इस अवसर पर उपस्थित समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी संपूर्ण समाधान दिवस के बाद अपने विभाग से संबंधित सबसे अधिक शिकायतों वाले गांव तथा आईजीआरएस पर प्राप्त सबसे अधिक शिकायत वाले गांव का भ्रमण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को मौके पर बुलाकर सुनें एवं प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को हटाने के बाद भी यदि दोबारा अवैध कब्जे की शिकायत आती है तो मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय एवं सरकार के निर्देशानुसार अवैध कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण का गुणवत्तायुक्त निस्तारण करें।
उन्होंने कहा कि प्राइवेट जमीन पर पैमाइश के बाद भी यदि किसी व्यक्ति द्वारा खूंटा उखाड़ा जाता है तो पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करें। शिकायतों के निस्तारण हेतु पूरी निष्ठा से कार्य करने एवं जहां कार्रवाई की आवश्यकता हो, वहां अनिवार्य रूप से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का गुणवत्तायुक्त निस्तारण करें, जिससे शिकायतकर्ता को दोबारा शिकायत करने की आवश्यकता न पड़े। आबादी के प्रकरण में जहां भी दीवानी वाद दायर हैं, वहां संयुक्त टीम भ्रमण करेगी। यदि किसी दबंग व्यक्ति द्वारा गरीबों को प्रताड़ित कर जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है तो सुसंगत धाराओं में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


जनसुनवाई के दौरान कुल 86 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व की 60, पुलिस की 12, विकास की 08 एवं अन्य की 06 शिकायतें शामिल रहीं। मौके पर 07 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के गुणवत्तायुक्त निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा, उप जिलाधिकारी मार्टीनगंज, तहसीलदार मार्टीनगंज, सीओ मार्टीनगंज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।