आजमगढ़। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंगलवार को विकास खंड परिसर जहानागंज में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विकास खंडों और नगर पंचायतों से पंजीकृत जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जहानागंज विकास खंड परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जहानागंज, अतरौलिया, कोयलसा, बिलरियागंज, महराजगंज, मेंहनगर, पल्हनी और सठियांव विकास खंड तथा तीन नगर पंचायतों के कुल 202 जोड़ों का पंजीकरण किया गया था। इनमें से 186 जोड़ों का विधिवत सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री यशवंत सिंह उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लाक प्रमुख जहानागंज रमेश कन्नौजिया, भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अरविंद जायसवाल और मंडल अध्यक्ष जहानागंज राकेश सिंह मौजूद रहे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह योजना गरीब परिवारों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। अब आर्थिक तंगी के कारण किसी गरीब परिवार की बेटी की शादी रुकने की नौबत नहीं आएगी। सरकार इस योजना के तहत प्रति विवाह करीब एक लाख रुपये खर्च करती है। इसमें 60 हजार रुपये विवाह के बाद उपहार स्वरूप कन्या के खाते में दिए जाते हैं, जबकि लगभग 25 हजार रुपये की लागत से 26 प्रकार के घरेलू सामान जैसे साड़ी का सेट, प्रेशर कुकर, स्टेनलेस स्टील डिनर सेट, सीलिंग फैन, प्रेस, गद्दे, डबल बेड की चादर, चांदी की पायल और बिछिया आदि प्रदान किए जाते हैं। वहीं लगभग 15 हजार रुपये कार्यक्रम के आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान डीडी पंचायती राज, बीडीओ जहानागंज, बीडीओ अजमतगढ़, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी समेत कई अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।