आजमगढ़। विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में 45 लाख रुपये की लागत से खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण कराया गया। इसका लोकार्पण प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने किया।
सोमवार को आजमगढ़ स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का लोकार्पण उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के कर कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर मंत्री ने प्रयोगशाला का भ्रमण कर छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार प्रोजेक्ट्स का अवलोकन किया और उनसे संवाद भी किया।
मंत्री ने कहा कि इस प्रयोगशाला के शुरू होने से बच्चों को नवाचार और वैज्ञानिक प्रयोगों के क्षेत्र में नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि केवल सुविधाएं नहीं, बल्कि मेहनत ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश के 18 अटल आवासीय विद्यालयों से बच्चों को इसरो भेजा गया है, जिससे अन्य छात्र भी प्रेरित हो रहे हैं।
मंत्री ने जिलाधिकारी की सराहना करते हुए कहा कि क्रिटिकल गैप से इस प्रयोगशाला का निर्माण एक सार्थक पहल है। साथ ही मनरेगा योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत नवोदय विद्यालय परिसर में नाली निर्माण और पूर्वी मध्य भाग में बाउंड्री वाल निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया गया।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि विज्ञान केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिज्ञासा और प्रयोग की भावना से जुड़ा विषय है। उन्होंने छात्रों से प्रयोगशाला का उपयोग नवाचार और शोध के लिए करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि देशभर में लगभग 650 से अधिक नवोदय विद्यालय संचालित हैं, जहां से पढ़कर छात्र विभिन्न ऊंचे पदों पर कार्यरत हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि नवोदय विद्यालयों का शैक्षिक वातावरण बेहतर है और यहां के छात्र विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित होते रहे हैं। उन्होंने छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल, कला और अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।


कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत और गणेश वंदना से हुई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अधिशासी अभियंता आरईडी, प्रधानाचार्य शशिकांत राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।