आजमगढ़। जिले में एक युवक द्वारा अलग-अलग जन्मतिथि दर्शाकर दो पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद महाराजगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, महाराजगंज थाना क्षेत्र के निवासी मुंशी कुमार पुत्र सुरजू के खिलाफ थानाध्यक्ष द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया है। 21 जनवरी को प्राप्त शिकायत में आरोप लगाया गया कि संबंधित युवक ने दो अलग-अलग पासपोर्ट बनवाए हैं।
जांच के दौरान सामने आया कि मुंशी कुमार ने पहला पासपोर्ट 7 नवंबर 2014 को बनवाया था, जिसका पासपोर्ट नंबर M 3511412 था। इस पासपोर्ट में उसकी जन्मतिथि 26 जून 1988 दर्ज थी और इसकी वैधता वर्ष 2024 तक थी।
बताया गया कि पासपोर्ट के नवीनीकरण के बजाय आरोपी ने 18 मार्च 2024 को दूसरा पासपोर्ट जारी करा लिया, जिसकी वैधता 17 मार्च 2034 तक है। जांच में यह भी पाया गया कि दूसरे पासपोर्ट में जन्मतिथि बदलकर 24 जून 1993 दर्ज कराई गई है।
जन्मतिथि में कथित फेरबदल कर दूसरा पासपोर्ट बनवाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की गहन छानबीन की जा रही है और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
