आजमगढ़। आगामी 21-22 नवंबर 2025 को बेंगलुरू में आयोजित होने वाली आल इंडिया यूनिवर्सिटी खेल प्रतियोगिता में योगासन खेल में आजमगढ़ की दो बहनों का चयन हुआ है। कु. रागेश्वरी गोंड और तेजस्वनी गोंड इस प्रतियोगिता में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय की ओर से भाग लेंगी।


मिली जानकारी के अनुसार, एमएसडीयू आजमगढ़ में आयोजित चयन प्रतियोगिता में कुल 30 महाविद्यालयों की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसमें शिब्ली पीजी कॉलेज की एम.ए. दर्शनशास्त्र की छात्रा कु. रागेश्वरी गोंड और श्री जगदीश नारायण महेंद्र प्रसाद महाविद्यालय, रघुपुर की वीपीएड छात्रा तेजस्वनी गोंड का चयन हुआ

शहर के भदुली गांव निवासी शंकर प्रसाद योगाचार्य की बेटियां कु. रागेश्वरी और तेजस्वनी बचपन से ही योग में रमी हैं। दोनों बहनों के चयन की घोषणा पर संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्य, खेल प्रशिक्षक और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी।

ग्रामीण परिवेश में रहते हुए भी इन दोनों बहनों ने योग को अपने जीवन में उतारा है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी भुवनेश्वर (उड़ीसा) में 2023-24 में आयोजित आल इंडिया यूनिवर्सिटी खेल प्रतियोगिता में एमएसडीयू टीम का प्रतिनिधित्व करने का गौरव इन्हें प्राप्त हो चुका है। तो वर्ष 2021 में उत्तर प्रदेश योगासन खेल संघ द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय योगासन खेल चैंपियनशिप प्रतियोगिता में प्रतिभावान इन दो बहनों ने गोल्ड मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया था।