आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में देर रात रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कस्बा सराय का है, जहां रविवार रात करीब साढ़े दस बजे रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान विजय राजभर (22 वर्ष), पुत्र संजय राजभर, निवासी कस्बा सराय के रूप में की।
बताया गया कि विजय रविवार शाम घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, इसी दौरान गांव के बाहर रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर शव की पहचान विजय के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि मृतक के माता-पिता रोज़गार के सिलसिले में लुधियाना में रहते हैं। विजय भी उन्हीं के साथ लुधियाना में काम करता था और करीब एक माह पहले ही गांव लौटा था। विजय अविवाहित था और दो भाइयों में सबसे छोटा था।
अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
