रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के अहरौला के
हांसा मतलूबपुर गांव में रविवार को आयोजित एक दिवसीय दंगल प्रतियोगिता के मंच पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में अधिकारी, मंत्री और नेता आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। देश आज कानून से नहीं, बल्कि बुलडोजर से डराकर चलाया जा रहा है।

यह दंगल पूर्व ब्लाक प्रमुख विजय बहादुर यादव की पुण्यतिथि पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और पूर्व प्रमुख विजय बहादुर यादव के चित्र पर माल्यार्पण व दंगल अखाड़े का फीता काटकर की गई। शुभारंभ की पहली कुश्ती फिरोजाबाद के विक्रम पहलवान और संतकबीरनगर के शिवानंद पहलवान के बीच हुई, जिसने माहौल को जोश से भर दिया।

शिवपाल सिंह यादव ने कहा, भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। वांगजुक जैसे देशभक्त को केवल अपनी मांग उठाने पर जेल भेज दिया गया और उस पर रासुका जैसी गंभीर धाराएं लगाई गईं। बरेली में निर्दोषों पर कार्रवाई की जा रही है और सपा प्रतिनिधिमंडल को असंवैधानिक तरीके से रोका जा रहा है।

उन्होंने जनता से अपील की कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा को मौका दें, ताकि अखिलेश यादव के नेतृत्व में विकास और सामाजिक न्याय की सरकार बनाई जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद और सांप्रदायिक मुद्दों के सहारे देश को बांटकर सत्ता में बने रहना चाहती है।
उन्होंने आगे कहा, यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट जैसी संस्था में बैठे सीजेआई पर जूता फेंका जाता है, जो देश की संवैधानिक मर्यादा का खुला अपमान है।

शिवपाल यादव ने कहा कि कुश्ती गांवों की परंपरागत खेल संस्कृति का प्रतीक है और समाजवादी सरकार बनने पर इसे बढ़ावा देने के लिए विशेष योजना बनाई जाएगी।

दंगल प्रतियोगिता में गोरखपुर, वाराणसी, सैफई, फिरोजाबाद, बलिया और अयोध्या सहित कई जिलों से महिला व पुरुष पहलवानों ने दमखम दिखाया।
इस मौके पर सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, विधायक डॉ. संग्राम यादव, विधायक नफीस अहमद, अखिलेश यादव, चंद्रशेखर यादव, पूर्व विधायक सुभाष राय और हरिकेश यादव समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।