आजमगढ़। जिले में एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को लेकर एक अहम बदलाव सामने आया है। अंतरराष्ट्रीय हालात के बीच तेल कंपनियों ने डबल बॉटल कनेक्शन (डीबीसी) देने पर अस्थायी रोक लगाने के मौखिक निर्देश जारी किए हैं। हालांकि, एक सिलिंडर कनेक्शन की सुविधा फिलहाल जारी रहेगी। लेकिन अब 21 दिन बाद ही दूसरा गैस सिलेंडर मिलेगा।

मिली जानकारी के अनुसार अमेरिका और इस्राइल-ईरान के बीच चल रहे युद्ध के प्रभाव को देखते हुए तेल कंपनियों ने उत्तर प्रदेश के एलपीजी वितरकों को मौखिक निर्देश जारी किए हैं कि हालात सामान्य होने तक नए उपभोक्ताओं को डबल बॉटल कनेक्शन (डीबीसी) न दिया जाए। इसके साथ ही गैस सिलिंडर की रिफिलिंग के लिए तय समय सीमा भी बढ़ा दी गई है। अब उपभोक्ताओं को 21 दिन से पहले दोबारा गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।

बताया जा रहा है कि यह कदम संभावित आपूर्ति संकट को देखते हुए एहतियातन उठाया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर सभी उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जा सके। जिले के वितरकों को भी इस संबंध में मौखिक रूप से निर्देश दे दिए गए हैं और उनका पालन शुरू कर दिया गया है।

एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने बताया कि फिलहाल जिले में गैस की आपूर्ति सामान्य है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले भी उपभोक्ताओं को शुरुआत में एक सिलिंडर का ही कनेक्शन दिया जाता था, जिसे बाद में डबल सिलिंडर में परिवर्तित किया जाता है।

वहीं भारत गैस एजेंसी के प्रोपराइटर पप्पू ने बताया कि कंपनियों की ओर से मौखिक निर्देश मिले हैं, जिनका पालन किया जा रहा है।

हालांकि अभी तक आजमगढ़ जिले में गैस की आपूर्ति पर कोई खास असर नहीं पड़ा है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलिंडर मिल रहा है।

नोट: फिलहाल गैस रिफिल के लिए 21 दिन की समय-सीमा निर्धारित की गई है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए इस अवधि को सरकार आगे और पीछे सकती है।