आज़मगढ़। जिले के बरदह थाना पुलिस ने मोबाइल और नकदी छीनने की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना बीते सात दिसंबर की रात करीब 8:30 बजे घटी थी, जब जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्धिकपुर निवासी अजीत कुमार को कोदहरा चौराहे पर पता पूछने के बहाने दो युवकों ने रोक लिया और उनका मोबाइल व 1000 रुपये छीनकर प्लेटिना जैसी बाइक से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और मुखबिर से मिली जानकारी पर तम्मरपुर–इशहाकपुर पुलिया के पास से दोनों आरोपितों मोहम्मद ग़ालिब पुत्र नियाज़ अहमद और अब्दुल्ला अंसारी पुत्र ऐनुलहक, निवासी ग्राम बरौना को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान ग़ालिब के पास से छिना गया मोबाइल, एक दूसरा मोबाइल, तमंचा, एक कारतूस और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद हुई। वहीं अब्दुल्ला अंसारी के पास से छिनी गई 1000 रुपये नकदी और मोबाइल मिला।
