आज़मगढ़। जिले के पवई थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर मित्तूपुर में ससुराल आए दामाद ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर अवस्था इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। घटना की जांच पुलिस कर रही है।
थाना पवई क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर मित्तूपुर में सोमवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। ससुराल में रह रहे दामाद चंद्रशेखर पांडेय (45 वर्ष) ने अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। चंद्रशेखर पांडेय ग्राम मदैनिया, थाना राजे सुल्तानपुर, जनपद अंबेडकर नगर के निवासी हैं। उनकी शादी वर्ष 2008 में ग्राम मोहनपुर मित्तूपुर निवासी ज्योति से हुई थी।
जानकारी के अनुसार चंद्रशेखर 26 अगस्त से अपने ससुराल में रह रहे थे। सोमवार सुबह करीब 11 बजे उनके ससुर धीरेंद्र प्रताप त्रिपाठी बिहार के गया जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी समय चंद्रशेखर पूजा घर में जाकर अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से सिर में गोली मार ली।
परिवारजनों ने उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना के समय ससुर यात्रा की तैयारी कर रहे थे। आत्महत्या का स्पष्ट कारण अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच में जुटी है।
