आजमगढ़। प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी शपरीक्षित खटाना की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान (05 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025) के सफल क्रियान्वयन को लेकर अंतर्विभागीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई।
मुख्य विकास अधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सभी सरकारी एवं प्राइवेट स्कूलों में सफाई सुनिश्चित की जाए और बच्चों को फुल आस्तिन के कपड़े पहनने तथा प्रार्थना सभा में वेक्टर जनित रोगों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के माध्यम से परिवार और आस-पास के लोगों को भी जागरूक किया जा सकता है।
पंचायती राज एवं नगर विकास विभाग को नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, एण्टीलार्वा का छिड़काव और फॉगिंग करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से लोगों को रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। सभी कार्यों की रिपोर्ट ई-कवच और सीएस प्रो एप पर अपलोड करने का निर्देश भी दिया गया।
उन्होंने समन्वय बनाकर ब्लॉक स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार करने और उसे सभी विभागों में साझा करने के निर्देश दिए। अधिक आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाने और जल जनित/मच्छर जनित रोगों की पहचान कराने पर भी बल दिया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी से सुनिश्चित करने को कहा गया कि सभी सीएचसी/पीएचसी पर दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता रहे। पशुपालन विभाग को भी पशुपालकों, विशेषकर सूकर पालकों को जागरूक करने और आबादी से दूर बाड़े बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर वर्मा, अपर/उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त एमओआईसी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
