रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। भंवरनाथ के पास तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, महराजगंज थाना क्षेत्र के जुड़ारामपुर गांव निवासी 24 वर्षीय बृजेश गोस्वामी संयुक्त अरब अमीरात में रहते थे और करीब एक माह पहले ही घर आए थे। मंगलवार की शाम वे अपने चाचा उदय को छोड़ने के लिए बाइक से रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान कंधरापुर थाना क्षेत्र के भंवरनाथ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बृजेश और उनके चाचा दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बृजेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं चाचा का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक दुबई में रहता था और एक माह पूर्व घर आया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है।
