रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र में बीती रात कुरियावा मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के भाटीनपारा गांव निवासी सार्जन सोनकर (33) और पियूष सोनकर सोमवार को मार्टीनगंज में सिंघाड़ा निकालने गए थे। सिंघाड़ा निकालने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव निवासी राजेश राजभर (35) की बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टीनगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सार्जन सोनकर और राजेश राजभर को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल पियूष सोनकर का इलाज जारी है।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
