रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में  अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो भीषण सड़क हादसों ने खुशहाल परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर एक शिक्षिका समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। पहला हादसा कंधरापुर थाना क्षेत्र के भवरनाथ चौराहे के पास हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार अतरौलिया थाना क्षेत्र के जमीन दशांव गांव की निवासी 41 वर्षीय रचना पाठक अपने पति उपेंद्र शुक्ला और  बेटी के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान भंवरनाथ स्थित बुलेट शोरूम के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

हादसे में रचना और उपेंद्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी बच्ची बाल-बाल बच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रचना को मृत घोषित कर दिया। उपेंद्र का इलाज जारी है। रचना विकास खंड महराजगंज के प्राथमिक विद्यालय शिवपुरी में शिक्षिका थीं, जबकि उनके पति उपेंद्र बिलरियागंज के प्राथमिक विद्यालय कपसा में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं।

दूसरी घटना अतरौलिया थाना क्षेत्र के अतरैठ बाजार में हुई। अंबेडकर नगर के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के धारुपुर गांव निवासी 30 वर्षीय विकास कुमार अपनी पत्नी कंचनलता और छह माह के बच्चे के साथ कप्तानगंज के रत्नावे गांव स्थित मायके से बाइक द्वारा लौट रहे थे। इसी दौरान अतरैठ बाजार में एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।