आज़मगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ हेमराज मीना ने पुलिस लाइन में आयोजित शुक्रवार परेड का निरीक्षण किया। इस परेड में ट्रेनिंग पर आई महिला रिक्रूट आरक्षियों ने भाग लिया। एसएसपी ने परेड की सलामी ली और सभी प्रतिभागियों को जरूरी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉग स्क्वॉड और ड्रोन कैमरा टीम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, प्रशिक्षणाधीन सीओ और प्रतिसार निरीक्षक भी मौजूद रहे।

एसएसपी ने रिक्रूट महिला आरक्षियों का टर्नआउट टोलीवार चेक किया और ड्यूटी के प्रति गंभीरता व अनुशासन बनाए रखने को कहा। इसके बाद ट्रेनिंग स्थल, उपकरण और बैरकों का निरीक्षण हुआ और सुधार के लिए संबंधितों को दिशा-निर्देश दिए गए।

परेड के बाद एसएसपी ने महिला आरक्षियों के मेस, बैरक, आवासीय परिसर, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, आरटीसी कार्यालय, सब्सिडी कैंटीन, जनपद नियंत्रण कक्ष, मोटर वाहन शाखा, स्टोर, क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार, गैस एजेंसी और नफीस कार्यालय का भी दौरा किया।
इस दौरान यूपी 112 की दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की गई। जहाँ कमियां मिलीं, उन्हें दूर करने के लिए प्रभारी को निर्देश दिए गए। तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यशैली और दक्षता का भी मूल्यांकन किया गया।एसएसपी ने सभी को निर्देश दिए कि ड्यूटी के समय हमेशा सही वर्दी में रहें, जनता से विनम्रता से व्यवहार करें और दंगा नियंत्रण उपकरण वाहनों में रखें। टैबलेट व अन्य उपकरणों की साफ-सफाई और रखरखाव पर भी जोर दिया गया।
