रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया, आजमगढ़। अमर शहीद राजा जयलाल सिंह संयुक्त जिला अस्पताल में अब STMI (सीवियर थ्रॉम्बोटिक मायोकार्डियल इन्फार्क्शन) रोगियों के इलाज के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह जानकारी अस्पताल के स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. यश के. ध्रुव ने दी।

डॉ. ध्रुव ने बताया कि बीते सप्ताह प्रमुख सचिव की अध्यक्षता और डायरेक्टर महोदय के दिशा-निर्देशन में इस नई व्यवस्था को लागू किया गया है। इस योजना के तहत अब मऊ और आजमगढ़ जनपद को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान (RMLC) से जोड़ा गया है।

यदि किसी मरीज में STMI के लक्षण दिखाई देते हैं, तो एक निर्धारित प्रोफार्मा पर जानकारी भरकर उसका ECG लिया जाएगा। यह ECG व्हाट्सएप के माध्यम से लोहिया संस्थान को भेजा जाएगा। वहां से तुरंत प्रतिक्रिया मिलने के बाद रोगी को आवश्यक थ्रॉम्बोलायटिक इंजेक्शन देकर स्थिर किया जाएगा और फिर रेफर किया जाएगा।

अब तक दो STMI रोगियों की पहचान की जा चुकी है, जिन्हें समय रहते उपचार देकर लोहिया संस्थान भेजा गया। यह इंजेक्शन काफी महंगा होता है, जिसे अस्पताल प्रशासन स्वयं उपलब्ध करा रहा है। अगले माह से इसकी नियमित सप्लाई भी शुरू हो जाएगी।

अस्पताल परिसर में एक हेल्पलाइन कक्ष भी स्थापित किया गया है, जहां ECG की पूरी सुविधा उपलब्ध है। संबंधित स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है और प्रशिक्षित EMT (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) की सहायता से एंबुलेंस सेवा भी हर समय तैयार है।

इस सुविधा से गंभीर हृदय रोगियों को समय पर इलाज मिल सकेगा, जिससे अनमोल जानें बचाई जा सकेंगी। क्षेत्र के लोगों में इस पहल को लेकर उत्साह और सराहना का माहौल है।