आजमगढ़। मार्च के महीने में दिसंबर जैसा मौसम देखकर लोग हैरान हैं। वैसे तो कई दिनों से मौसम में धुंध बनी हुई है, लेकिन बुधवार सुबह जिले में अचानक घना कोहरा छा गया, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। सुबह हल्की ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी का अहसास कराया।

बुधवार सुबह शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक घना कोहरा छाया रहा। कई स्थानों पर दृश्यता 60 मीटर से भी कम दर्ज की गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को सावधानी के साथ सफर करना पड़ा। बुजुर्गों की मानें तो करीब 17-18  वर्ष  बाद इस तरह का मौसम देखने को मिल रहा है। जिसमे  सुबह के समय ठंडी हवाओं और धुंध के कारण लोगों को ठिठुरन महसूस हो रही, जबकि मंगलवार को हल्का कोहरा था और सुबह दस बजे के बाद कोहरा हटने के साथ ही गर्मी शुरू हो गई थी।

जिले में लोगों ने मार्च में कोहरा देखकर आश्चर्य जताया। सूजीत सोनी, कुलदीप प्रजापति, प्रताप और महेश सहित कई लोगों का कहना है कि आमतौर पर इस समय तक सर्दी पूरी तरह खत्म हो जाती है, लेकिन इस बार सुबह ठंड और दिन में तेज धूप के कारण मौसम का अजीब मिजाज देखने को मिल रहा है। इससे लोगों को दिनभर मौसम के बदलते तेवर का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार मार्च में कभी-कभी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण हिमालयी क्षेत्रों में बारिश या बर्फबारी होती है, जिसका असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों पर भी पड़ता है। इससे वायुमंडल में नमी बढ़ जाती है और हवा का प्रवाह धीमा पड़ने के कारण ठंडी और नम हवा जमीन के पास ही ठहर जाती है, जिससे सुबह के समय घना कोहरा बनने की स्थिति बन जाती है।

मौसम विभाग के अनुसार 17 मार्च के बाद मौसम का मिजाज फिर बदल सकता है। मार्च के तीसरे और चौथे सप्ताह में अधिकतम तापमान  38-40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना है और रात में भी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।