आजमगढ़। जन समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील लालगंज के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जहां प्रशासन ने मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण किया।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 118 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 17 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। प्राप्त प्रार्थना पत्रों में सर्वाधिक 68 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा विकास विभाग के 06, पुलिस विभाग के 17, विद्युत के 03, शिक्षा और स्वास्थ्य के 02-02, पूर्ति निरीक्षक के 04, समाज कल्याण के 02, सिंचाई के 01, जल निगम के 02 तथा अन्य श्रेणी के 11 मामले शामिल थे।
जिलाधिकारी ने जमीन से जुड़े मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि पैमाइश के बाद भी यदि कोई व्यक्ति खूंटा उखाड़े, अवैध कब्जा करे या गरीबों को परेशान करे तो पीड़ित की तहरीर पर तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चकरोड और सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए और कहा कि लेखपाल, कानूनगो, तहसीलदार, एसडीएम एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय से मौके पर जाकर निरीक्षण करें।
देवगांव क्षेत्र से सबसे अधिक भूमि विवाद के मामले सामने आने पर जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि राजस्व और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से दोनों पक्षों को बुलाकर मौके पर ही प्रभावी कार्रवाई करते हुए विवादों का निस्तारण करें, ताकि भूमि विवाद जिला मुख्यालय तक न पहुंचे।
इसके अलावा, बढ़ती ठंड को देखते हुए संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर 105 गरीब व असहाय व्यक्तियों को कंबल वितरित किए गए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में 07 दिव्यांग व्यक्तियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी जारी किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा, उप जिलाधिकारी लालगंज राजकुमार बैठा, तहसीलदार लालगंज, सीओ लालगंज सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
