आजमगढ़। ‘सड़क पर चढ़ा सुरूर तो जेल जाओगे जरूर।’ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘आपरेशन सड़क पर सुरूर’ अभियान के तहत आजमगढ़ में सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 62 नशेबाजों को हिरासत में लिया गया और धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, मिशन शक्ति फेज 5 के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं – सड़क पर चढ़ा सुरूर तो जेल जाओगे जरूर। अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के मार्गदर्शन में नगर सर्किल के थाना कोतवाली में 27, सिधारी में 17, कंधरापुर में 10 और रानी की सराय में 8 नशेबाजों को हिरासत में लिया गया।
जनपद अभियान का उद्देश्य कानून व्यवस्था को मजबूत करना, सड़क दुर्घटनाओं को कम करना, और महिलाओं तथा बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना। पुलिस लगातार हॉटस्पॉट क्षेत्रों की निगरानी कर रही है और लोगों को लगातार चेतावनी दे रही है – सड़क पर चढ़ा सुरूर तो जेल जाओगे जरूर।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस सिर्फ कार्रवाई ही नहीं कर रही है, बल्कि सभी नशेबाजों को समझाया जा रहा है कि सड़क पर चढ़ा सुरूर तो जेल जाओगे जरूर। मादक पदार्थों/शराब के सेवन से शारीरिक, आर्थिक और सामाजिक नुकसान के बारे में लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अपील की जा रही है वे सार्वजनिक स्थानों पर नशा का सेवन न करें।
