आज़मगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार में कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में व्यवसायी का शव फंदे से लटकता हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। वहीं, सिधारी थाना क्षेत्र के हुसेनगंज में किराये के मकान में रह रहे एक युवक का शव भी फंदे से लटका मिला। दोनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार कप्तानगंज कस्बा निवासी सुरेश गुप्ता 52 वर्ष, पुत्र बैजनाथ, कस्बे के मुख्य चौक पर गुप्ता मेडिकल एजेंसी का संचालन करते थे। कुछ वर्ष पूर्व उन्होंने पुरानी बाजार में मकान बनवाया था, जहां वे अकेले रहते थे।

बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर जब वे अपनी दुकान पर नहीं पहुंचे तो उनका नौकर दोपहर बाद मकान पर पहुंचा। मकान के पहले तल पर स्थित कमरे का दरवाजा खोलते ही वह चीखते हुए बाहर निकल आया। कमरे के भीतर सुरेश गुप्ता का शव चूल्ले में साड़ी के फंदे से लटका हुआ था।

नौकर के चिल्लाने की आवाज  सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटना का कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है।

थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।  मामले की हर एंगल से छानबीन की जा रही है।

फोन पर रात में पत्नी से किया विवाद, सुबह लटकता हुआ मिला शव

वही सिधारी थाना क्षेत्र के हुसेनगंज में किराये के मकान में रह रहे 30 वर्षीय युवक आकाश सिंह का शव सोमवार सुबह फंदे से लटका मिला। आकाश सिंह फिरोजाबाद जनपद के नगलाखर थाना क्षेत्र के सरनासपुर गांव के रहने वाले थे। वह हुसेनगंज में किराये पर रहकर अपने भाई और अन्य साथियों के साथ फेरी लगाकर बैग में चेन आदि लगाने का काम करते थे।

बताया जा रहा है कि रविवार रात उसका पत्नी खुशबू से फोन पर विवाद हुआ था, जो पिछले एक साल से मायके में रह रही है। सोमवार सुबह जब आकाश का कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला, तो मकान के अन्य लोग उसे खोलकर अंदर देखने गए। अंदर छत से मफलर के सहारे उसका शव लटका पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।