आज़मगढ़। जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के कौरागहनी गांव में करीब आठ माह पहले शादी हुई करिश्मा नामक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मंगलवार को मौत हो गई। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि ससुराल के लोग दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दिए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


मिली जानकारी के अनुसार, जौनपुर जनपद के खेतासराय थाना क्षेत्र के लखमापुर गांव निवासी विजेंदर की 23 वर्षीय पुत्री करिश्मा का विवाह बीते मई माह में सरायमीर थाना क्षेत्र के कौरागहनी गांव निवासी दिलीप कुमार के साथ हुआ था। शादी के कुछ ही दिन बाद करिश्मा ने अपने माता-पिता को बताया था कि ससुराल पक्ष बाइक और सोने की चेन की मांग कर रहा है और दहेज न मिलने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।

मंगलवार दोपहर को करिश्मा की तबियत बिगड़ने की सूचना पर उसकी मां बबिता और पिता तुरंत कौरागहनी पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि करिश्मा का शव पड़ा था। परिवार ने आरोप लगाया कि इलाज के नाम पर उसे सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन वहां उसकी मौत हो गई। करिश्मा की मां ने बताया कि बेटी के साथ ससुराल पक्ष का यह व्यवहार शादी के शुरूआती दिनों से ही जारी था।

बबिता ने ससुराल के पति, देवर और ननद के खिलाफ तहरीर दी है और आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या दहेज की मांग पूरी न होने पर की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।