आजमगढ़। शहर के  डीएवी डिग्री कॉलेज के मैदान में आज उ.प्र. ट्रेड शो स्वदेशी मेला-2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। मा० विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलन कर मेले का उद्घाटन किया। यह मेला 09 से 18 अक्टूबर  तक आयोजित किया जाएगा।

उद्घाटन के बाद एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने मेले में लगाए गए सभी स्टालों का निरीक्षण किया और स्थानीय हस्तशिल्पियों व उद्यमियों द्वारा बनाए गए स्वदेशी उत्पादों की सराहना की।

उन्होंने बताया कि स्वदेशी मेला प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक साथ आयोजित हो रहा है, जिसका उद्देश्य ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को बढ़ावा देना और स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों को सशक्त मंच देना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन ग्रेटर नोएडा में हुए यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 की सफलता से प्रेरित है और सरकार की मंशा है कि दिवाली से पहले जनता स्वदेशी उत्पादों को अपनाए।विधान परिषद सदस्य ने अपील की कि—

‘स्वदेशी वस्तुएं खरीदें, क्योंकि यह हमारे मजदूरों के पसीने से बनी हैं। जो भारत में बन रहा है, वही असली स्वदेशी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप यह मेला कारीगरों, युवाओं और उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने भी जनता से आग्रह किया कि एक दिन अवश्य मेले में आएं और स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी कर स्थानीय उत्पादकों को सहयोग दें।

कार्यक्रम में डॉ. सुबोध (शिक्षा क्षेत्र), यश जायसवाल (राइस मिल) और अजय सिंह (मिल्क फैक्ट्री) को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत

हिमांशु श्रीवास्तव को ₹2,71,111 प्ले स्कूल हेतु, रविंद्र यादव को ₹5 लाख ऑयल मिल हेतु, कौशल्या यादव को ₹5 लाख नट्स रोस्टिंग एवं पैकेजिंग हेतु चेक प्रदान किया गया।

उपायुक्त उद्योग एस.एस. रावत ने बताया कि मेले में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त उद्योग रंजन चतुर्वेदी, जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।