आज़मगढ़। योगी सरकार ने गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए 2025-26 पेराई सत्र के लिए गन्ने का समर्थन मूल्य (एमएसपी) ₹30 प्रति क्विंटल बढ़ा दिया है। फैसले के बाद किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने इसके लिए सीएम योगी को धन्यवाद देते हुए कहा कि सीएम योगी किसानों के प्रति काफी संवेदनशील रहते हैं।
पार्टी के जिला कार्यालय पर किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री घनश्याम पटेल ने सीएम योगी द्वारा गन्ने का समर्थन मूल्य 30 रुपया प्रति कुंतल बढ़ाए जाने पर खुशी जताई और सीएम को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार की पारदर्शी नीतियों से गन्ना किसानों का विश्वास पुनः स्थापित हुआ है।
अब उत्तर प्रदेश का किसान समृद्धि की राह पर अग्रसर है।उन्होंने कहा कि विगत सरकारों द्वारा जहां चीनी मिलों को औने–पौने दामों में बेचकर उद्योग को गहरी क्षति पहुँचाई गई थी, वहीं वर्तमान सरकार ने उद्योग में नई जान फूंक दी है। मूल्य वृद्धि से किसानों की झोली में मिठास घोला है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, जिला महामंत्री प्रशांत मिश्रा, जिला मंत्री तारकेश्वर राय एवं सत्वीर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
वहीं नगर के सिधारी स्थित भाजपा नेता स्वतंत्रदेव सिंह मुन्ना के आवास पर सीएम को धन्यवाद देते हुए प्रदेश कार्यसमिति सदस्य किसान मोर्चा बलराज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के किसानों के दुख-दर्द को समझते हुए जो फैसला लिया है, वह सराहनीय है। पिछली सरकारें कभी किसानों के बारे में नहीं सोचती थीं, लेकिन योगी जी ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया है।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिवाकर सिंह ने कहा कि गोपाष्टमी के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री ने किसानों को बड़ा उपहार दिया है।
बात दे कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में गन्ना मूल्य वृद्धि का निर्णय लिया गया, जिसमें सरकार ने जल्दी पकने वाली किस्म के गन्ने का मूल्य ₹400 प्रति क्विंटल और सामान्य किस्म का मूल्य ₹390 प्रति क्विंटल तय किया है। यह बढ़ोतरी वर्ष 2017 के बाद अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि बताई जा रही है। इससे प्रदेश के 46 लाख किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
