रिपोर्ट_____राजू कुमार
आजमगढ़। जिले में वीरांगना महारानी दुर्गावती के बलिदान दिवस के अवसर पर बुधवार को अतरौलिया स्थित डाक बंगला परिसर में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) एवं गोंड समाज के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर ने महारानी दुर्गावती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सभा को संबोधित करते हुए अरुण राजभर ने कहा कि महारानी दुर्गावती का अदम्य साहस, स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रभक्ति आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है और उनके शौर्य व संघर्ष को देश कभी नहीं भूल सकता। आगे उन्होंने कहा कि जो समाज अपने इतिहास, महापुरुषों और पूर्वजों के योगदान को भूल जाता है, वह विकास की राह पर आगे नहीं बढ़ सकता। गोंड समाज सहित अन्य वंचित वर्गों का राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से महारानी दुर्गावती के आदर्शों को अपनाकर समाज में एकता, समरसता और जनसेवा की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। इस दौरान अरुण राजभर ने क्षेत्रीय विकास और राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अतरौलिया क्षेत्र में वर्षों से जनप्रतिनिधि चुने जाते रहे हैं, लेकिन गांवों में अपेक्षित विकास नहीं दिखाई देता। उनका दावा था कि गरीब और कमजोर वर्ग आज भी कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और क्षेत्र के विकास के लिए नई सोच के साथ आगे बढ़ने को तैयार है। वहीं विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता अब केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति नहीं, बल्कि विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने महारानी दुर्गावती के आदर्शों पर चलने तथा समाज के शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
]]>अहरौला के जनता इंटर कालेज मैदान में आयोजित इस रैली में अरुण राजभर ने कहा कि यह सामाजिक समरसता महा रैली है। समाज के हर वर्गों का प्रतिनिधित्व करने और सामाजिक न्याय दिलाने के लिए भारतीय समाज पार्टी ने यह मंच तैयार किया है। उन्होंने कहा कि आज हमारे इस मंच पर ब्राह्मण को बड़े पैमाने पर मंच दिया गया है। उन्होंने नया नारा दिया कि ब्राह्मण शंख बजाएगा और राजभर आगे बढ़ता जाएगा। अरुण राजभर ने कहा कि इस संकल्प के साथ सभी समाज को ब्राह्मण समाज का आशीर्वाद पहले भी मिला है और आगे भी मिलेगा। रैली में अगड़ा,पिछड़ा, दलित, गरीब और कमजोर वर्ग भी शामिल हैं। सभी लोग ओपी राजभर के संघर्ष, विचार और सोच के साथ खड़े होकर अपने हकों और सामाजिक न्याय की आवाज बुलंद करेंगे।
उन्होंने कहा कि श्रधेय स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव ने 1990 में इसी मैदान में रैली की थी, और उसके बाद समाजवादी पार्टी ने इसे गढ्ढा बना दिया। आज इस मैदान से स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद भी भारतीय समाज पार्टी को मिलेगा। अरुण राजभर ने कहा कि ओपी राजभर जी भगवान परशुराम, भगवान राम और महाराजा सुहेलदेव का सम्मान करते हैं, जबकि समाजवादी पार्टी के मुखिया सम्मान नहीं करते।
उन्होंने कहा कि भारतीय समाज पार्टी सामाजिक समरसता के माध्यम से समाज के हर वंचित वर्ग का सम्मान करने का काम करेगी।
आज ही के दिन जिले में मंत्री अनिल राजभर के द्ववारा रैली करने के सवाल पर कहा कि वे जिस पार्टी का झंडा लेकर चलते है उसको छोड़कर देखे सब पता चल जाएगा। वहां भाड़े की भीड़ है जबकि यहां अखाड़े के मजबूत पहलवानों की भीड़ जुटी है। अरुण राजभर ने कहा कि उनकी आने वाली भीड़ को भाड़े वाले लोगों के माध्यम से डायवर्ट करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन यहां आई भीड़ प्रशासन के सहयोग से नहीं बल्कि चंदा, संघर्ष और आस्था के साथ स्वेच्छा से जुटी है।
उन्होंने कहा कि आजमगढ़ जिले में दस विधानसभा और दो लोकसभा सीटें है । सभी समाजवादी पार्टी का कब्ज़ा है । लेकिन समाजवादी पार्टी कहती है कि राजभरों का कोई वजूद नहीं है, लेकिन इस रैली ने साबित कर दिया कि ओपी राजभर की ताकत और जन समर्थन पूरे जिले में दिखाई दे रहा है। इस रैली का संदेश पूरे देश मे जाएगा कि जो लोग आजमगढ़ में अपना गढ़ बता रहे थे ये गढ़ नही गड्ढा बनाने का काम किया है। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र के गड्ढे और अन्य विकास कार्यों का जिक्र किया।
]]>आज़मगढ़। जिले के अहरौला और कप्तानगंज के बीच 21 किलोमीटर लंबे लंबे समय से रुके हुए मार्ग का रास्ता अब साफ हो गया है। पिछले 15 सालों से इस सड़क के निर्माण का इंतजार कर रहे ग्रामीण और व्यापारियों के लिए यह खुशी का पल है। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना के लिए बजट मंजूर कर दिया है और 16 से 23 नवंबर के बीच इस मार्ग का शिलान्यास करने वाले हैं। इस सड़क का निर्माण न केवल क्षेत्रवासियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच को भी आसान बनाएगा।
इसी क्रम में बुधवार को सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर अहरौला बाजार पहुंचे। उन्हें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूलों के बुके के साथ स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने ओमप्रकाश राजभर के समर्थन में नारे भी लगाए।
अरुण राजभर ने अपने काफिले को छोड़कर लगभग तीन किलोमीटर तक अहरौला-कप्तानगंज मार्ग पर पैदल यात्रा की। रास्ते में लोगों ने उन्हें शॉल और अंगवस्त्र देकर इस सड़क की मंजूरी पर बधाई दी। उन्होंने इसे जनमानस की जीत बताते हुए कहा कि यह सफलता जनता के दबाव और लगातार प्रयासों का परिणाम है।
अरुण राजभर ने बताया कि कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने क्षेत्रवासियों के दर्द को समझा और मुख्यमंत्री तक इसे पहुंचाया। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीने से लगातार मुख्यमंत्री से संपर्क में रहने के बाद ही इस सड़क को मंजूरी मिली। उन्होंने पूरी सफलता का श्रेय पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर को दिया।
उन्होंने विपक्षी नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के कई विधायक और सांसद होने के बावजूद जनता को सड़क के लिए सड़क पर उतरना पड़ा। आगामी शिलान्यास उनके लिए एक संदेश है।
इस दौरान बाकरकोल और बस्तीभुजबल ग्राम पंचायतों में जनचौपाल का आयोजन भी किया गया।
]]>आज़मगढ़। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर ने अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आयोजित जन चौपालों में समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में सपा के 10 विधायक, 2 सांसद और 4 एमएलसी होने के बावजूद जिले का विकास ठप पड़ा है। अरुण राजभर ने आरोप लगाया कि सपा की पूर्व सरकार ने विकास के नाम पर केवल लूट मचाई और अब भी सपा नेता सरकार के विकास कार्यों को अटकाने, भटकाने और लटकाने में लगे हैं।
उन्होंने कहा कि सपा के नेता इटावा के नरेश को खुश करने में लगे हैं और वहीं करते हैं, जो उन्हें अच्छा लगता है। आजमगढ़ की जनता अब बदलाव चाहती है और ऐसे प्रतिनिधि को चुनेगी, जो उनके दुख-सुख में उनके साथ रहे। राजभर ने जम्मू-कश्मीर में धर्म और मजहब के आधार पर गोलीबारी की घटना का जिक्र करते हुए सपा के पीडीए नेताओं पर निशाना साधा और कहा कि वे सरकार के अच्छे कार्यों का दुष्प्रचार करने में व्यस्त हैं। अरुण राजभर के नेतृत्व में अतरौलिया विधानसभा के मेहियापार, अरुशा, मेहदवारा, छतौना, भीमलपुर सहित 12 गांवों में जन चौपाल आयोजित की गईं। इन चौपालों में स्थानीय लोगों ने पंचायत विभाग से संबंधित पेंशन, आवास, शौचालय आदि की समस्याएं उठाईं। राजभर ने सरकार की योजनाओं को हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी दीपक सिंह, विमल, विशाल श्रीवास्तव, रमाशंकर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।