जिलाधिकारी के आदेश एवं मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में अवैध व अनियमित रूप से संचालित चिकित्सकीय प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज बिलरियागंज स्थित हेरा चाइल्ड सेंटर का स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान गंभीर खामियां पाए जाने पर सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व डिप्टी सीएमओ/नोडल निजी चिकित्सालय प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द कुमार ने किया। उनके साथ पटल सहायक धीरेन्द्र शुक्ला एवं सीएचसी बिलरियागंज के चिकित्सक डॉ. निलेश भी मौजूद रहे।
निरीक्षण में पाया गया कि सेंटर में लगभग पाँच बेड पर नवजात शिशुओं का उपचार किया जा रहा था, जबकि मौके पर कोई अधिकृत या योग्य चिकित्सक उपस्थित नहीं था। इसके अलावा प्रतिष्ठान के पास वैध पंजीकरण भी नहीं मिला। जांच के दौरान अग्निशमन सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण तथा बायो-मेडिकल वेस्ट निस्तारण से जुड़े मानकों के उल्लंघन की भी पुष्टि हुई।
गौरतलब है कि हाल ही में लालगंज क्षेत्र में एक मासूम की मौत की घटना के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी ने गैर-पंजीकृत, अनधिकृत और अप्रशिक्षित चिकित्सकों द्वारा संचालित संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उसी के तहत यह कार्रवाई की गई।
फिलहाल हेरा चाइल्ड सेंटर को पूरी तरह सील कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि जनपद में आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना पंजीकरण एवं तय मानकों के विरुद्ध संचालित किसी भी निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
आजमगढ़ । शासन के निर्देश पर व जन शिकायतों के आधार पर जनपद भर में संचालित अवैध अस्पतालों, एक्स रे, सोनोग्राफी जांच केंद्रों व पैथोलॉजी सेंटरों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई जारी है।
इसी क्रम में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिलरियागंज क्षेत्र में कार्रवाई की। सीएमओ डॉक्टर अशोक कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की तीन टीमों ने पांच अवैध रूप से संचालित अस्पताल, जांच केंद्र व पैथोलॉजी सेंटरों को सील करने की कार्रवाई की है। बिलरियागंज में पूर्वांचल डिजिटल एक्सरे पैथोलॉजी सेंटर, मुकर्रम हॉस्पिटल शहाबुद्दीनपुर बिलरियागंज, शांति नर्सिंग होम भीमबर रोड बघैला, अक्सा असरा मैटरनिटी क्लिनिक हसनपुर बाग रोड बिलरियागंज, श्री साई नाथ चाइल्ड केयर महाराजगंज रोड बिलरियागंज, सक्षम महिला क्लिनिक बघैला आरा मशीन के सामने रौनापार रोड पर कार्रवाई की गाज गिरी। दो अन्य केंद्रों को नोटिस दिया गया है। इसके अलावा अन्य केंद्रों पर भी जांच की गई है।
सीएमओ ने बताया कि यह सब करवाई शासन के निर्देश के क्रम में की जा रही है और यह आगे भी जारी रहेगी। वहीं बता दें कि पिछले लगभग एक माह में 30 से ज्यादा अवैध नर्सिंग होम जांच केंद्र व पैथोलॉजी सेंटरों पर कार्रवाई की गाज गिरी है। सीएमओ ने बताया कि अवैध पाए जाने पर सीधे केंद्रों को सील किया जा रहा है। इसमें जुर्माना जैसी कोई कार्रवाई की नहीं की जाती है।