गंगा समिति की समीक्षा में जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम नगरीय को निर्देश दिया कि नालों के जरिए नदियों में गिरने वाले गंदे पानी को रोकने के लिए एसटीपी निर्माण प्रस्ताव एक सप्ताह में शासन को भेजा जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी चिकित्सालयों में बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण के निर्देश दिए।
वेटलैंड समिति पर चर्चा करते हुए उन्होंने सभी वेटलैंड्स की पहचान व सीमांकन कर पत्थर गाड़ने तथा डीसी मनरेगा को वन विभाग से समन्वय कर वृक्षारोपण सुनिश्चित कराने को कहा।
संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी ने पशुपालन, पंचायती राज और स्वास्थ्य विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुपालकों को जागरूक करने, परिवारों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने, स्वच्छता और मच्छरदानी के प्रयोग हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं का टीकाकरण, चारा की व्यवस्था और जलजमाव वाले इलाकों में मिट्टी भराई तथा कीटनाशक दवाओं के छिड़काव का निर्देश दिया।
स्कूलों में बच्चों को फुल आस्तीन पहनाने व नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर पुलिस अधीक्षक मधुवन कुमार सिंह, डीएफओ, डीआईओएस उपेंद्र कुमार व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
]]>