आजमगढ़। जिले के देवगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो महिला चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के जेवरात और 5000 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों महिलाएं अलग-अलग घटनाओं में लोगों की जेब और बैग से रुपये व गहने चुराने में शामिल थीं।
थाना देवगांव क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम जांच में जुटी थी। इसी दौरान 10 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह, कांस्टेबल विनोद कुमार और महिला कांस्टेबल प्रियंका मिश्रा क्षेत्र में मौजूद थे। तभी गुंजन मौर्या ने सूचना दी कि उसके गहने चोरी करने वाली दो महिलाओं को कबीरा पुलिया के पास पकड़ लिया गया है, जिन्हें ऑटो चालक पप्पू यादव और उसके पुत्र हिमांशु मौर्या ने रोककर रखा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम लक्ष्मी पत्नी मिथुन निवासी ग्राम डोमापार थाना गोसाईगंज जनपद सुल्तानपुर और पूजा पत्नी सूरज निवासी ग्राम अकारीपुर थाना धमौर जनपद सुल्तानपुर बताया। महिला कांस्टेबल द्वारा तलाशी लेने पर उनके पास से 2 जोड़ी पायल, 6 जोड़ी बिछुआ, 1 जोड़ी कान की बाली, 2 जोड़ी माला और 5000 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान अभियुक्ताओं ने बताया कि 8 जनवरी 2026 को वर्मा आभूषण गिरिश सेठ की दुकान पर एक व्यक्ति की जेब से 53 हजार रुपये चोरी किए थे। इसके अलावा 16 फरवरी 2026 को जिवली तिराहा के पास टेम्पो में यात्रा के दौरान एक महिला के बैग से गहने और रुपये चोरी कर लिये थे और जिवली तिराहे पर उतर गई थीं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना देवगांव में दर्ज मुकदमों में कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया/ आज़मगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के जोगीपुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और जेवरात व नकदी समेटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, जोगीपुर गांव निवासी शैलेंद्र तिवारी पुत्र स्वर्गीय हरिनाथ तिवारी के परिवार के सदस्य मंगलवार रात भोजन के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। रात करीब 11 बजे के बाद अज्ञात चोरों ने घर के पीछे की खिड़की तोड़कर उस कमरे में प्रवेश किया, जहां कीमती जेवरात और नकदी रखी हुई थी।
सुबह करीब 4 बजे शैलेंद्र तिवारी की नींद खुली और जब वे ब्रश लेने कमरे की ओर गए तो खिड़की टूटी देख उनके होश उड़ गए। जांच करने पर अलमारी में रखे लगभग 70 से 75 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, करीब 40 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान गायब मिला।
चोरी की सूचना मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर अतरौलिया थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाए हैं
पीड़ित का कहना है कि चोरों ने पूरी योजना के तहत उसी कमरे को निशाना बनाया जहां कीमती सामान रखा था। पुलिस का दावा है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।