दो लाख रुपये में बात तय हुई, जिसमें एक लाख रुपये एडवांस मिलने के बाद सुपारी किलर ने महिला के पति की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात सहार थाना क्षेत्र में 19 मार्च को हुई। पुलिस ने सोमवार को हत्यारोपी, महिला व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को इटावा जेल भेजा गया है।

सोमवार को सदर कोतवाली में एसपी अभिजीत आर शंकर ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मैनपुरी जिले के थाना भोगांव के गांव नगला दीपा निवासी 25 वर्षीय दिलीप सिंह पुत्र सुमेर सिंह 19 मार्च को कन्नौज के थाना इंदरगढ़ के गांव उमर्दा में हाइड्रा लेकर काम करने गया था।
वहां से वापस आने के दौरान औरैया के बेला थाना क्षेत्र में पटना नहर के पास बाइक सवार तीन युवक मिले और दिलीप को काम दिखाने के लिए करीब आठ किमी दूर सहार के पलिया गांव ले गए। वहां तीनों युवकों ने धारदार हथियार से हमला करने के बाद दिलीप के सिर में गोली मार दी।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची सहार थाना पुलिस गंभीर घायल दिलीप को बिधूना सीएचसी ले गई। उसे सैफई स्थित आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय रेफर कर दिया गया। वहां से परिजन ग्वालियर और फिर आगरा ले गए। आगरा में डॉक्टर के इलाज से मना करने पर 20 मार्च की रात करीब एक बजे चिचौली स्थित मेडिकल कॉलेज लाए, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
भाई संदीप की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में हाइड्रा का पीछा करते तीन युवक दिखे। इसके बाद दिलीप को साथ ले जाते दिखे।
सोमवार को स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप प्रभारी राजीव कुमार, थानाध्यक्ष सहार पंकज मिश्रा पुलिस फोर्स के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान हत्यारोपियों के हरपुरा मोड़ पर खड़े होने की सूचना मिली। घेराबंदी कर अछल्दा के गांव प्रेम नगर निवासी रामजी नागर व फफूंद के गांव हजियापुर निवासी अनुराग उर्फ बबलू उर्फ मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक-एक तमंचा व चार कारतूस बरामद हुए।
अनुराग ने पुलिस को बताया कि उसका दिलीप की पत्नी प्रगति से काफी समय से प्रेम प्रसंग है। प्रगति के भाई को जानकारी हुई तो उसने अपने जीजा संदीप के भाई दिलीप के साथ पांच मार्च को प्रगति की जबरन शादी करा दी। 10 मार्च को प्रगति चौथी पर मायके पहुंची, वहां प्रेमी से उसकी बात होने लगी। 17 मार्च को दोनों एक होटल में मिले, जहां दोनों ने शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसके बाद प्रगति अपनी ससुराल पहुंच गई।
इधर, अनुराग का संपर्क हिस्ट्रीशीटर रामजी नागर से हुआ। उसने हत्या के लिए दो लाख रुपये मांगे। प्रगति ने प्रेमी के माध्यम से एक लाख रुपये दिए और एक लाख रुपये काम होने के बाद देने की बात कही। पुलिस ने प्रगति को मैनपुरी के थाना भोगांव के गांव नगला दीपा से गिरफ्तार कर लिया। वारदात में शामिल दो आरोपी फरार है, जिसमें एक आरोपी रामजी का साथी है और दूसरा आरोपी अनुराग की मौसी का लड़का है जो इटावा का रहने वाला है।
]]>युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती को इलाज के बाद उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया है। घटना शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे के आसपास की है। फफूंद रेलवे स्टेशन के डाउन ट्रैक पर खंभा संख्या 1102 के पास से कुंभ मेला स्पेशल (19404) ट्रेन गुजर रही थी।
इसी बीच एक युवक और युवती जो पहले से ही ट्रैक किनारे टहल रहे थे, वह ट्रेन के आगे कूद गए। काॅशन लगा होने से ट्रेन धीमी थी। ऐसे में ट्रेन की चपेट में आकर दोनों ट्रैक से अलग जा गिरे। यह देख ट्रेन चालक ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी दिबियापुर में भर्ती कराया।
वहां युवक ने अपना नाम फफूंद थाना के आशा पुरवा निवासी अमन गुप्ता बताया। युवती ने अपना नाम बिधूना निवासी पूजा गुप्ता बताया। आरपीएफ की पूछताछ में युवक ने बताया कि वह दोनों प्रेमी प्रेमिका हैं। युवक के मुताबिक पूजा उसकी बुआ की ननद की बेटी है। ऐसे में दोनों के परिवार उनका भाई-बहन का रिश्ता मानते हैं।
इसलिए घर वाले शादी को तैयार नहीं थे। इसी से परेशान होकर दोनों ने यह कदम उठाया। दोनों से पूछताछ के बाद उनके परिजनों को जानकारी दी गई। अस्पताल में दोनों का इलाज किया गया। युवती को हल्की चोट होने के कारण उसे परिजनों के साथ भेज दिया गया, जबकि युवक को जिला अस्पताल चिचौली रेफर किया गया है।
]]>घटना मंगलवार की सुबह कस्बा स्थित एक गेस्ट हाउस में हुई। लोगों के बीच मिर्गी का दौरा पड़ने की चर्चा रही। कस्बा दिबियापुर के एक मुहल्ला से सोमवार की शाम कस्बा बिधूना स्थित एक गेस्ट हाउस में बैंड-बाजा के साथ बरात आई थी। स्वागत सत्कार में वधू पक्ष ने कोई कसर नहीं छोड़ी। द्वारचार के बाद खाना खाया गया और जयमाला की रस्म हुई।
मंगलवार की सुबह शादी की अन्य रस्म के बाद विदाई के कुछ समय पहले दूल्हा कुर्सी पर बैठा था। अचानक वह नीचे गिर गया। पास में खड़े लोगों ने किसी तरह उसे उठाया और निजी अस्पताल ले गए। वहां से दूल्हा को गेस्ट हाउस ले गए। चर्चा रही कि दूल्हे को मिर्गी का दौरा पड़ता है। हालांकि, इस बात की पुष्टि वर व वधू पक्ष से किसी ने नहीं की। घर वाले कहते रहे कि दूल्हा स्वस्थ है लेकिन दुल्हन ने साथ जाने से मना कर दिया।
इस बीच लोगों की वहां भीड़ लग गई। बड़े व बुजुर्ग वधू पक्ष को समझाने का प्रयास करते रहे। कोई बात नहीं बन सकी और बरात बिना दूल्हन के ही लौट गई। बिधूना कोतवाल रवि श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले की कोई जानकारी नहीं है।
]]>