आज़मगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गुरुवार को आजमगढ़ दौरे पर हैं। वे कलक्ट्रेट में एसआईआर को लेकर मंडल के जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं और एसआईआर संयोजकों के साथ अहम बैठक करेंगे। इस दौरान मंडल में एसआईआर को लेकर चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री लगभग दो घंटे तक जिले में रहेंगे और सुबह 9.35 बजे उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। यहां भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद वे सीधे कलक्ट्रेट पहुंचेंगे।
सुबह 10 बजे से 11 बजे तक मुख्यमंत्री मंडल के तीनों जिलों में चल रहे एसआईआर के काम की प्रगति की समीक्षा करेंगे। बैठक में तीनों जिलों के डीएम और एसपी भी मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि बैठक का मुख्य विषय एसआईआर होगा।
गुरुवार की सुबह तक मिली जानकारी के अनुसार बैठक में मंडल से ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, पार्टी के तीनों जिलों के जिलाध्यक्ष, भाजपा के मंडल एसआईआर प्रभारी प्रदेश मंत्री शिवभूषण, एसआईआर के आजमगढ़ संयोजक नन्हकू राम सरोज, तीनों जिलों में लगाए गए जिला प्रवासी, सभी जिलों के प्रभारी और एसआईआर संयोजक भी उपस्थित रहेंगे। सभी सांसद, विधायक, एमएलसी और 2022 के विधानसभा व लोकसभा चुनावों में उम्मीदवार रहे नेता भी बैठक में शामिल होंगे। इसके अलावा सभी विधानसभाओं में पार्टी की तरफ से काम कर रहे BLA भी उपस्थित रहेंगे। बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे की बैठक में मुख्यमंत्री मंडल में एसआईआर की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
इन रूटों पर रहेगा रूट डायवर्जन
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शहर में गुरुवार को अस्थायी रूट डायवर्जन लागू किया गया है। सुबह पांच बजे से 11.30 बजे तक सिविल लाइन स्थित पंचदेव चौराहा से डायवर्जन रहेगा। कोई भी दोपहिया या चारपहिया वाहन पुलिस लाइन गेट की ओर नहीं जाएगा। वाहन सिविल लाइंस होते हुए अग्रसेन चौराहा या बांध की दिशा में जाएंगे। अग्रसेन तिराहा, गांधी तिराहा और रैदोपुर तिराहा पर भी डायवर्जन लागू है। कोई भी वाहन कलक्ट्रेट, ट्रेजरी या नेहरू हाल की दिशा में नहीं जाएगा। दास फर्नीचर तिराहा, कोतवाली, बांध मार्ग और सिधारी पुल मार्ग से वाहनों को निर्देशित किया गया है।
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के फैसिलिटी सेंटर में द्वितीय रोवर्स/रेंजर्स स्थापना दिवस भव्य रूप से मनाया गया। थीम थी ‘प्रसन्न रहे, कोशिश करें, तैयार रहें एवं सेवा करें’। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. संजीव कुमार, सहायक प्रादेशिक संयोजक स्काउट गाइड प्रो. सर्वेश पांडे, प्रो. सुचिता श्रीवास्तव और कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्रा द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। छात्रा प्रतिष्ठा और अनु ने कुलगीत और सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि सुषमा पांडे ने स्वागत गीत के माध्यम से आगंतुकों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. घनश्याम दुबे ने रोवर्स/रेंजर्स के अतीत और उपलब्धियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। पहला समागम 7 मार्च 2024 को रामदेव मेमोरियल में आयोजित हुआ, जिसमें दुआरी पीजी कॉलेज मऊ प्रथम विजेता और विश्वविद्यालय राष्ट्रीय स्तर पर उपविजेता रहा। बिगिनर्स कोर्स 29 सितंबर 2024 को श्री दुर्गा जी पीजी कॉलेज चंदेश्वर में और बेसिक कोर्स विश्वविद्यालय परिसर में संपन्न हुए। 15 जुलाई से 15 अगस्त 2024 तक प्रधानमंत्री के संदेश ‘एक पेड़ मां के नाम’ के अंतर्गत महाविद्यालय में वृक्षारोपण किया गया। कारगिल दिवस पर कुलपति के करकमलों से पीपल, आम, आँवला और बरगद के वृक्षारोपण भी हुए। दीक्षांत समारोह में 25 राज्यों के परिधानों में नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया गया। आज के कार्यक्रम में छात्रा श्रेया पांडे ने राजस्थानी नृत्य से सभी को प्रभावित किया, वहीं सुषमा पांडेय ने तबला वादन और नृत्य से सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने रोवर्स/रेंजर्स और समागम टीम को बधाई दी। उन्होंने सामूहिक ताली और एकता का महत्व बताते हुए कहा कि कार्यक्रम केवल आयोजन का उद्देश्य नहीं बल्कि युवा पीढ़ी की सीख और योगदान पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में युवा योगदान, सांस्कृतिक एकता और अनुशासन की अहमियत पर जोर दिया।
कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्रा ने आयोजन समिति, प्रतिभागियों और रोवर्स/रेंजर्स को बेहतर आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अभय प्रताप सिंह ने किया। इसमें प्रो. कैलाश गुप्ता, डॉ. प्रवेश सिंह, डॉ. दीक्षा, डॉ. मनीषा, सुश्री शांभवी सहित अन्य गणमान्य लोग और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
]]>