‘सपा का फर्जी पीडीए उपचुनाव में धराशायी’
केशव मौर्य ने सपा के नारे पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का जिक्र करते हुए ‘एक्स’ पर रविवार को लिखा, ‘‘सपा का फर्जी पीडीए (परिवार डबलपमेंट एजेंसी) उपचुनाव में धराशायी। नौ सीट पर जीत का दावा करने वाले अब गिनती नहीं बता पा रहे।” उन्होंने सपा पर आरोप लगाया कि उसने लोकसभा 2019 में बसपा (बहुजन समाज पार्टी), 2024 में कांग्रेस से गठबंधन कर पिछड़ों और दलितों को गुमराह किया, परंतु जनता ने सपा को सिरे से नकार दिया। मौर्य ने करहल और सीसामऊ में भी भविष्य में जीत हासिल का दावा करते हुए कहा, ‘‘करहल से सीसामऊ तक सपा के गढ़ भी ढहेंगे और भाजपा के सुशासन का कमल खिलेगा।”
‘अखिलेश जी, 2027 तो छोड़िए, 2047 तक इंतजार कीजिए’
डिप्टी सीएम ने कहा, ‘‘2027 में हम 2017 दोहराएंगे और एक बार फिर 300 पार के लक्ष्य के साथ नयी इबारत लिखेंगे। एक हैं तो ‘सेफ’ हैं! मोदी जी के नेतृत्व में देश भी ‘सेफ’ (सुरक्षित), विकास भी ‘सेफ’।” मौर्य ने कहा, ‘‘अखिलेश जी, 2027 तो छोड़िए, 2047 तक इंतजार कीजिए, फिर भी सपा के सत्ता में आने की उम्मीद नहीं।” सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उपचुनाव के लिए प्रचार के दौरान दावा किया था कि सपा सभी नौ सीट जीतेगी और 2027 में उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया हो जाएगा।