नरहौली गांव में होतम सिंह की बेटी की बरात सोमवार की रात निबोहरा के सहाय का पुरा गांव से आई थी। बरात चढ़ाई और बारौठी के बाद गांव के माता के मंदिर के पास विवाह समारोह में डीजे बंद कर दिया गया था। किसी बराती ने डीजे चालू करो डीजे चालू करो बोलते हुए राइफल से गोली चला दी। गोली गाड़ी की केबिन में बैठे डीजे संचालक फरैयापुरा गांव के विपिन के कंधे के पास जा लगी। डीजे भी फट गया।
डीजे के पास खड़े नरहौली गांव के वंश के दोनों पैरों में घुटने के निचले हिस्से में छर्रे लगे हैं। गोली लगते ही दोनों की चीखें निकल गईं। बरात में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने दोनों घायलों को बाह सीएचसी पर भर्ती कराया, जहां से एसएन मेडिकल काॅलेज आगरा भेज दिया गया। अस्पताल पहुंची बाह पुलिस ने घटना की जानकारी ली। गोली किसने चलाई। कितने फायर किए।इसकी जांच में पुलिस जुटी है।
]]>