ग्रामीणों के अनुसार, बरखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव से बारात आई थी। दुल्हन पक्ष के लोग बरातियों की सेवा में लगे थे। आरोप है कि बरात शादी हाल पहुंची तो दूल्हा नशे में धुत्त था और कई बार जमीन पर गिर भी पड़ा। जयमाल के समय जब दुल्हन ने दूल्हे को वरमाला पहनाई, तो दूल्हे ने अपने गले की वरमाला निकालकर दुल्हन की बजाय उसकी सहेली के गले में डाल दी।
दूल्हे की इस हरकत से दुल्हन नाराज हो गई और उसने शादी से इनकार करते हुए दूल्हे को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद घरातियों और बारातियों के बीच जमकर मारपीट हुई। कुर्सियां चलीं और खाना फेंक दिया गया। इस दौरान कई लोग घायल भी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला।
पुलिस ने दूल्हे और उसके कई दोस्त को हिरासत में ले लिया। पूरे दिन थाने के बाहर पंचायत चलती रही। पुलिस ने दूल्हे और उसके दोस्त का शांतिभंग में चालान कर दिया। दुल्हन पक्ष ने पुलिस को दहेज की मांग का आरोप लगाते हुए तहरीर भी दी है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि दूल्हे के दोस्तों ने पड़ोस के गांव के एक बिचौलिए से अवैध रूप से शराब खरीदी और दूल्हे को पिला दी। पुलिस ने शराब बेचने वाले युवक की तलाश में गांव में छापेमारी की और एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
]]>