अतरौलिया/आज़मगढ़। नगर पंचायत क्षेत्र में होलिका दहन स्थल को लेकर उत्पन्न विवाद के समाधान हेतु मंगलवार को बुढ़नपुर के उप जिलाधिकारी अभय राज पांडे नगर के पूरब पोखरा पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे सहित नगर के व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।
बताया गया कि होलिका दहन के पारंपरिक स्थल को लेकर नगरवासियों ने हाल ही में थाना परिसर में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में आपत्ति दर्ज कराई थी। लोगों का कहना है कि नगर के पूरब पोखरा स्थित जिस स्थान पर वर्षों से होलिका दहन होता चला आ रहा है, वहां कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे इस वर्ष होलिका दहन प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी ने स्थल का निरीक्षण कर बाउंड्री वॉल गेट के समीप वैकल्पिक स्थान चिन्हित कराया। उन्होंने उपस्थित लोगों से शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में होलिका दहन संपन्न कराने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान माहौल खराब करने या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने भी नागरिकों से आपसी सद्भाव बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया।
वहीं, नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूर्व में चिन्हित पारंपरिक स्थल पर ही होलिका दहन की अनुमति दी जाए। उनका आरोप है कि अवैध कब्जे के कारण उन्हें वर्षों पुराने स्थान पर आयोजन करने में असुविधा हो रही है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थल पर होलिका दहन की तैयारी की जा रही है।
अतरौलिया, आज़मगढ़। छठ महापर्व को लेकर अतरौलिया प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहा है। शनिवार को बुढ़नपुर उप जिलाधिकारी नंदिनी शाह, क्षेत्राधिकारी अजय प्रताप सिंह,ट्रेनी सर्किल ऑफिसर अरुण तथा थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्र ने नगर क्षेत्र के चिन्हित छठ पूजा स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नगर के पूरब पोखरा और पश्चिम पोखरा सहित अन्य प्रमुख घाटों की साफ-सफाई, रोशनी एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
उप जिलाधिकारी नंदिनी शाह ने नगर पंचायत कर्मियों को निर्देशित किया कि घाटों की संपूर्ण सफाई, सीढ़ियों की धुलाई, तथा विद्युत लाइटों व झालरों की व्यवस्था अति शीघ्र पूरी की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पोखरे में गंदगी नहीं रहनी चाहिए, और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था सुचारू होनी चाहिए।
क्षेत्राधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस उप निरीक्षक व महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और घाटों के आसपास की सड़कों को खाली रखा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र ने बताया कि सभी प्रमुख घाटों पर गोताखोरों की व्यवस्था की गई है, साथ ही पुलिस बल की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी गई है।
अधिकारियों ने इस दौरान सरैया रत्नावे स्थित पौहारी जी के स्थल का भी निरीक्षण किया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन की यह सक्रियता इस बात का संकेत है कि इस बार छठ पर्व को लेकर सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्था में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।