सोमवार से प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, लेकिन लखनऊ सहित कुछ जिलों में देर रात और सुबह घने कोहरे को लेकर चेतावनी है। मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ का अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को लखनऊ और आसपास के इलाकों में सुबह और देर शाम घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक दिन और रात के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। प्रदेश के कई जिलों में अत्यंत घने कोहरे की संभावना जताई गई है। इसमें देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत जैसे जिले शामिल हैं। वहीं, लखनऊ, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर और अयोध्या में घने कोहरे की संभावना है।
मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि सोमवार को घना कोहरा रहने के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। मंगलवार को सुबह के समय कोहरा रहने और दोपहर में धूप निकलने की संभावना है। 15 को बादल छाए रहने के साथ हल्की वर्षा हाे सकती है। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हो रहा है।
मौसम विभाग ने प्रदेश में मौसम की स्थिति पर अलर्ट जारी किया है। सोमवार को शहर में घना कोहरा रह सकता है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए वाहन चलाते समय सावधान रहने को कहा है। वाहन चलाते समय फॉग लाइट जलाएं। चेहरे को ढककर रखें।
]]>