आजमगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के कंदरा गांव में सरसो के खेत में बृहस्पतिवार की सुबह एक मजदूर का शव मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। वहीं लोगों द्वारा गमछे से गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
कंदरा गांव में स्थित सपा विधायक रमाकांत यादव के ईट् भठ्ठे पर काम करने के लिए झारखंड प्रांत के जिला और थाना गुमला निवासी जय श्री साहू 35 वर्ष पुत्र किशोर साहू एक दिन पहले ही मजदूरी करने के लिए पहुंचा था। उसका चचेरा भाई विकास छह माह से भट्ठे पर मजदूरी का काम करता था। बुधवार की रात वह खाना खाकर सोने चला गया। सुबह लोगों ने भट्ठे से कुछ दूरी पर स्थित सरसो के खेत में शव देखा। शव के गले में लाल गमछा लिपटा हुआ था। शव की शिनाख्त उसके भाई ने जय श्री साहू के रूप में की। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल में जुट गई। मृतक दो पुत्रों का पिता था। पत्नी दिल्ली में मजदूरी का काम करती हैं और बच्चे झारखंड में रहते हैं।

आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला सईद नगर में बुधवार की शाम ठेला मजदूर का शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिकठी निवासी बाल किशुन (60) पुत्र स्व. राजदेव ठेला मजदूर था। वह ठेला चला कर सामान ढोने का करता था। मंगलवार को सुबह आठ बजे घर से मजदूरी करने निकला था। लेकिन वह देर शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश किया। लेकिन कहीं पता नहीं चल पाया।
अगले दिन बुधवार की शाम को उसका शव घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर सईद नगर के अहाता में पोखरा के पास मिला। जिसकी शिनाख्त परिजनों ने बाल किशुन के रूप में की। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की आशंका जताई है।
एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि मुबारकपुर में एक वृद्ध का शव मिला। शव की शिनाख्त कर ली गई है। सिर पर चोट के निशान मिले है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
]]>