आजमगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से रहस्यमय तरीके से लापता हुई युवती को गाजियाबाद से सकुशल बरामद कर लिया गया है। युवती अपने प्रेमी जैद के साथ वहां मिली।
परिजनों ने थाने में तहरीर दी थी कि युवती 17 जून की रात करीब 11 बजे घर से बिना किसी को बताए बाहर चली गई थी। जब वह अगली सुबह तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। थक-हारकर परिजनों ने 18 जून को कोतवाली फूलपुर में गुमशुदगी की तहरीर दी।
युवती का मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करने में भी कठिनाई हो रही थी। परिजनों का कहना था कि लड़की मानसिक रूप से स्वस्थ थी और किसी तरह का पारिवारिक विवाद भी नहीं था, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया।
जैसे ही मामला पुलिस और सामाजिक संगठनों के संज्ञान में आया, आरएसएस, विहिप और स्थानीय पुलिस ने मिलकर तेजी से कार्रवाई शुरू की। विशेष सूचना और तकनीकी निगरानी के जरिए प्रेमी युगल को गाजियाबाद में ट्रेस किया गया और शुक्रवार को उन्हें बरामद कर लिया गया।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। हरियाणा के मेवात इलाके का रहने वाला जैद ने युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। जैद को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवती के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में आरएसएस हरियाणा प्रांत धर्म जागरण विभाग, आरएसएस गोरक्ष प्रांत के ग्राम विकास प्रमुख सत्येंद्र, विहिप गोरक्षा फूलपुर जिला संयोजक प्रशांत सिंह और आजमगढ़ पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आजमगढ़। जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र की एक युवती लापता हो गई थी। परिजनों ने 25 अप्रैल को मुकदमा पंजीकृत कराया था। युवती अपने साथ मोबाइल आदि नहीं ले गई थी।
शहर कोतवाली प्रभारी शशिमौली पांडेय ने बताया कि 25 अप्रैल को एक व्यक्ति ने कोतवाली पर तहरीर दिया कि उसकी भतीजी को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसला कर भगा ले गया। उसकी भतीजी कोई मोबाइल अथवा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी नहीं ले गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू किया। कोतवाली के साइबर सेल ने युवती के यूनियन बैंक के खाता संख्या को लगातार ट्रैक करने लगे। 27 अप्रैल को युवती के आधार कार्ड के माध्यम से पैसा निकाला गया। पैसा जौनपुर जिले के बदलापुर पड़ाव सीएससी से निकला गया था।
इसके बाद रोडवेज चौकी प्रभारी लालबहादुर बिंद व मुख्य आरक्षी ओम प्रकाश जायसवाल बदलापुर स्थित उक्त सीएससी पर पहुंचे और उसके सीसी टीवी फुटेज से युवती की पहचान कर आसपास के क्षेत्र में युवती की तलाश में जुट गए। बीते एक मई को एसआई लालबहादुर बिंद व मुख्य आरक्षी ओमप्रकाश जायसवाल ने लापता युवती को बदलापुर, पड़ाव जिला जौनपुर से बरामद कर लिया।
]]>